जयललिता की करीबी रहीं शशिकला ने लॉन्च किया पार्टी का झंडा, नाम पर सस्पेंस बरकरार

चेन्नई। निष्कासित एआईएडीएमके नेता वीके शशिकला ने गुरुवार को कहा कि उनकी प्रस्तावित राजनीतिक पार्टी के नाम की औपचारिक घोषणा एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब शशिकला ने एक जनसभा में दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता की 78वीं जयंती पर नई पार्टी का झंडा जारी कर नौ वर्षों के राजनीतिक विराम को औपचारिक रूप से समाप्त किया था। शशिकला ने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और अच्छा फैसला लिया जाएगा। सीमित समय में संगठन खड़ा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता उन्हें अच्छी तरह जानती है और जनसंपर्क में कोई कठिनाई नहीं होगी। शशिकला ने गुरुवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का नाम एक सप्ताह के भीतर घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने हाल ही में जयललिता की 78वीं जयंती (24 फरवरी) के अवसर पर रमनथपुरम के कामुथी में अपनी पार्टी का लाल, सफेद और काला झंडा फहराया था, जिस पर सी.एन. अन्नादुरई, एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता की तस्वीरें अंकित हैं।

RO No. 13467/11