
सूरजपुर। विश्रामपुर थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्रा के अपहरण की कोशिश की गई। वारदात में पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। मिली जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्टेशनपारा में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत नाबालिग छात्रा जब स्कूल जा रही थी तो प्रात: दस बजे कार में सवार चार युवक उसे रोककर कुछ सुंघने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन छात्रा ने युवक का हाथ दांत से काट दिया और हाथ छूटते ही वह तेजी से विद्यालय में प्रवेश कर गई और शिक्षक को घटना की जानकारी दी। शिक्षक ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल परिजनों को इस मामले की जानकारी दी और पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। नाबालिग छात्रा के अपहरण की कोशिश जैसी घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और अनहोनी की आशंका से लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।






















