सुपर हीरो थीम की पिचकारियों का ट्रेंड बना है होली के लिए

कोरबा। कई वर्षों बाद होलिका दहन और रंगोत्सव के बीच एक दिन का अंतर है। 2 मार्च की रात होलिका दहन होगा और 4 मार्च को लोग रंग-गुलाल खेलेंगे। कोरबा नगर, उपनगरीय क्षेत्र से लेकर कस्बों में जो दुकानें लगी है उसमें सुपरहीरो थीम से लेकर कार्टून वाली पिचकारियों की मांग ज्यादा है।
कोरबा के निहारिका, कोसाबाड़ी, पुराना बस स्टैंड और अन्य क्षेत्रों में होली के लिए मार्केट सज गया है। कारोबारियों ने बताया कि कार्टून से लेकर स्पाइडरमैन, छोटा भीम, डोरेमॉन और पावर रेंजर जैसे किरदारों की डिजाइन वाली पिचकारियां बाजार में छाई हुई हैं। हल्की प्लास्टिक से बनी ये पिचकारियां रंगीन और आकर्षक पैकिंग में उपलब्ध हैं। दुकानदारों के मुताबिक, अभिभावक भी बच्चों की पसंद को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे इनकी बिक्री तेज हो गई है। युवाओं के बीच इस बार एलईडी लाइट वाली और बड़े टैंक मॉडल की पिचकारियां ट्रेंड कर रही हैं। बैटरी से चलने वाली गन स्टाइल पिचकारियां, जिनमें रंग भरने की बड़ी क्षमता होती है, खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कुछ मॉडलों में प्रेशर पंप सिस्टम भी दिया गया है, जिससे पानी दूर तक फेंका जा सकता है। इनकी कीमत 250 रुपये से लेकर 800 रुपये तक बताई जा रही है। पर्यावरण के प्रति जागरूकता को देखते हुए इस बार इको-फ्रेंडली और बायोडिग्रेडेबल मटेरियल से बनी पिचकारियों की मांग भी बढ़ी है।

RO No. 13467/11