चंडीगढ़ में स्कूलों और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर पहुंची बम स्क्वायड

चंडीगढ़, २७ फरवरी ।
शुक्रवार सुबह शहर में उस समय हडक़ंप मच गया जब ईमेल के जरिए कई शिक्षण संस्थानों और एक सरकारी भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।धमकी भरे मेल में डीपीएस स्कूल, संत कबीर स्कूल, विवेक हाई स्कूल सेक्टर-38 के साथ-साथ पंजाब सचिवालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में अगले दो दिनों के भीतर बम धमाके करने की चेतावनी भी दी गई है। धमकी मिलते ही संबंधित स्कूलों के प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली कराया गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सचिवालय परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पूर्व भी शहर के लगभग 30 स्कूलों को इसी प्रकार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल है। पुलिस पूर्व मामलों की भी जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इन घटनाओं के पीछे किसी एक व्यक्ति या गिरोह का हाथ तो नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RO No. 13467/11