
पटना। होली का रंग चढऩे ही वाला है, लेकिन इस बार मुर्गा पार्टी पर ब्रेक लग गया है। बिहार में बर्ड फ्लू का खतरा मंडरा रहा है और पटना में मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। चितकोहरा के कौशल नगर स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में 6000 मुर्गियां संक्रमित पाई गईं। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने सभी मुर्गियों को दफना दिया है। इलाके को पूरी तरह सेनिटाइज कर एहतियात बरतने की अपील की गई है। संक्रमित क्षेत्र के एक किलोमीटर दायरे को इंफेक्शन जोन घोषित किया गया है। साथ ही 9 किलोमीटर तक के इलाके को सर्विलांस एरिया बनाया गया है। यहां अंडा, मुर्गी और चारे के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
पटना डीएम के आदेश पर नगर निगम क्षेत्र में मुर्गा-मुर्गी के आवागमन पर भी प्रतिबंध है।कौशल नगर में चेक पोस्ट बनाया गया है। शास्त्रीनगर और बाइपास थाना पुलिस निगरानी में जुटी है।मुर्गी फार्म क्षेत्र में बिना मास्क प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह इलाका एयरपोर्ट के पास चितकोहरा पुल के नीचे स्थित है।घनी आबादी के कारण प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सेनिटाइजेशन प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही सामग्री के उपयोग की अनुमति होगी। जिला प्रशासन ने दो महीने तक मुर्गा-मुर्गी पालन पर रोक लगा दी है। लोगों से घबराने नहीं, बल्कि सावधानी रखने की अपील की गई है।






















