
मुंबई, २८ फरवरी ।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ शुक्रवार को भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचे। कार्नी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर यहां आए हैं।यह दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को पुनर्जीवित करने के ठोस प्रयासों का संकेत देती है। आईएएनएस के अनुसार, यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। कनाडाई प्रधानमंत्री की यात्रा द्विपक्षीय संबंधों और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुंबई से यात्रा की शुरुआत करते हुए कार्नी आर्थिक तालमेल को प्राथमिकता दे रहे हैं और अपने पहले दो दिन सीईओ, वित्तीय विशेषज्ञों और कनाडाई पेंशन फंड के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श में बिताएंगे, ताकि यात्रा के लिए एक मजबूत व्यावसायिक माहौल तैयार किया जा सके।विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन वार्ताओं का उद्देश्य ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करना है। साथ ही भारत-कनाडा सीईओ फोरम के माध्यम से सरकारी नीति को निजी क्षेत्र के हितों के साथ तालमेल बिठाना है।



























