
हिसार। अग्रोहा में शुक्रवार को मीरपुर रोड पर एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कुलेरी गांव से शादी से लौट रहे कैमरी निवासी संजय (42) और ऋषि नगर निवासी (38) रविंद्र की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कैमरी का संजय अपने दोस्त ऋषि नगर के रविंद्र व दो अन्य के साथ कार से कुलेरी गांव में एक शादी समारोह में गए थे। दोपहर करीब तीन बजे संजय और रविंद्र कुलेरी में रूक गए, लेकिन उनके साथ गए दो अन्य कार से हिसार लौट गए। शाम करीब चार बजे संजय, रविंद्र, कुलेरी निवासी प्रवीण व विनोद उर्फ पीके कार में कुलेरी से अग्रोहा के लिए रवाना हुए। जैसे ही मीरपुर के पास पहुंचे तो कार का संतुलन बिगड़ गया और पेड़ से टकरा गई। कार में सवार चारों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने संजय और रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। कार के एयरबैग खुलने से कार में बैठे प्रवीण व विनोद की जान बच गई। जब कार पलटी तो वहां पर बाइक पर साहु निवासी प्रमोद अपनी पत्नी व बच्चे के साथ खाराखेड़ी गांव से अपने घर लौट रहा था। कार प्रमोद की बाइक से भी टकराई, जिससे उसका परिवार गिर कर घायल हो गया। शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम शनिवार को करवाया जाएगा।



























