
नई दिल्ली। इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। इजरायल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई मिलाइलें दागी हैं। वहीं ईरान ने भी पलटवार किया है। जिसके बाद मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया. तेहरान में हुए हमले के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि इजरायल और अमेरिका के हमलों का पूरी मजबूती के साथ जवाब दिया जाएगा। ईरान को हूती और हिजबुल्लाह का साथ मिल गया है। जिसके बाद लेबनान से हिजबुल्लाह और यमन के हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर मिसाइलें दागी है।
अमेरिका-इजरायल के हमलों में मारे गए खामेनेई के बेटी-दामाद
ईरान के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई के परिवार के सदस्य हमलों में मारे गए। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अयातुल्ला अली खामेनेई की बेटी, दामाद और पोते की अमेरिका-इजरायल के हमलों में मौत हो गई। वहीं, खामेनेई की मौत की तेहरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ईरानी मिसाइल हमलों में दुबई में चार लोग घायल
अंतर्राष्ट्रीय यातायात के लिहाज से दुनिया के सबसे व्यस्त दुबई हवाई अड्डे को शनिवार को ईरानी मिसाइल हमलों की लहरों के बाद एक “घटना” में नुकसान पहुंचा और चार कर्मचारी घायल हो गए।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत की खबरों की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कुछ देर पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे इजरायली मीडिया की उन खबरों की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं हैं जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या का जिक्र है। गुटेरेस ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात का गहरा अफसोस है कि ईरान के मुद्दे पर कूटनीति का अवसर गंवा दिया गया।
ट्रंप ने सऊदी अरब और कतर से बात की
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप ने सऊदी अरब, कतर, UAE के नेताओं और नाटो सेक्रेटरी जनरल मार्क रूट से बात की है।
इजरायली हमले में मरने वाले छात्रों की संख्या 108
ईरान के लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय पर इजरायली हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। मिजान समाचार एजेंसी ने मीनाब अभियोजक कार्यालय के हवाले से बताया है कि ईरान के मीनाब स्थित शजारेह तैय्येबेह लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय में मरने वालों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है।
ट्रंप ने दावा किया खामेनेई की मौत हो गई है
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के कुछ घंटों बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला की मौत हो गई है।
दुबई के आइलैंड पाम जुमेराह इलाके में धमाका
दुबई के आइलैंड पाम जुमेराह इलाके में धमाका सुनाई दिया है। दुबई मीडिया ऑफिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि 4 लोग घायल हुए हैं और आग पर काबू पा लिया गया है। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तुरंत तैनात किया गया।
बुर्ज खलीफा के पास हुआ धमाका
इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले के पलटवार के तौर पर ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों को निशाना बनाया है। स्थिति यहां तक पहुंच कि एक खतरनाक शाहेद ड्रोन दुबई के बीचों-बीच गिरा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बुर्ज खलीफा के पास धमाका हुआ और फिर धुआं उठता देखा गया।

































