युद्ध पर उतरे देशों से भारत ने संयम बरतने की अपील की

दिल्ली। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग पर विदेश मंत्रालय का बयान सामने आया है। भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और संवाद के जरिए मुद्दे सुलझाने और सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान किए जाने का आह्वान किया है। मध्य-पूर्व में जारी घटनाओं पर बयान जारी करते हुए विदेश मंत्रालय ने अपनी चिंता जाहिर की। बयान में कहा गया, “भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों से बेहद चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव को रोककर नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। तनाव कम करने और मूल मुद्दों को सुलझाने के लिए संवाद और कूटनीति का सहारा लिया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।” बयान में आगे कहा गया, “तनाव के क्षेत्र में स्थित हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में है और उन्होंने उचित सलाह जारी कर उनसे सतर्क रहने के लिए कहा है। इसके अलावा सभी नागरिकों से एम्बेसी के संपर्क में रहने के लिए और स्थानीय दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा गया है। आपको बता दें, पिछले साल 12 दिनों के युद्ध के बाद इजरायल और अमेरिका ने एक बार फिर से ईरान पर हमला बोल दिया है। ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई को निशाना बनाकर किए गए हमले की वजह से तेहरान में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इजरायल की तरफ से आया एक प्रोजेक्टाइल लड़कियों के एक स्कूल को जाकर लगा, जिसकी वजह से पूरी इमारत को काफी नुकसान हुआ। ईरानी मीडिया के मुताबिक इस हमले की वजह से करीब 53 लड़कियों की मौत हो चुकी है। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि वह लड़कियों पर किए गए इस हमले को बिना जवाब दिए नहीं जाने देंगे।

RO No. 13467/11