
जलालाबाद 01 मार्च। अफगानिस्तान के साथ जारी संघर्ष में पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। तालिबान प्रशासन के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि अफगानिस्तान ने शनिवार को एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया और उसके पायलट को पकड़ लिया है। पुलिस प्रवक्ता तैयब हम्माद ने कहा कि जलालाबाद शहर में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया और उसके पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया। हालांकि, पाकिस्तान ने इस दावे का खंडन किया है। स्थानीय निवासियों ने जलालाबाद के ऊपर से एक लड़ाकू विमान के उडऩे की आवाज सुनी, जिसके बाद हवाई अड्डे की तरफ से दो धमाकों की आवाज आई। लोगों ने एक व्यक्ति को विमान से पैराशूट के सहारे कूदते हुए देखा, जिसे बाद में हिरासत में ले लिया गया। एक दिन पहले अफगानिस्तान के साथ खुले युद्ध की घोषणा करने वाले पाकिस्तान ने इस दावे का खंडन किया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि लड़ाकू विमान मार गिराने का दावा पूरी तरह से असत्य है। प्रेट्र के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने शनिवार को कहा कि अब तक 331 तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 500 अन्य घायल हुए हैं। पाकिस्तानी सेना ने 104 चौकियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जबकि 22 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। 163 टैंक और बख्तरबंद वाहन नष्ट कर दिए गए।आइएएनएस के अनुसार, अफगानिस्तान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि पाकिस्तान के साथ सीमा संघर्ष के बाद अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांतों खोस्त और पकतिया में कम-से-कम 19 लोग मारे गए और 26 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं।
तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि काबुल और इस्लामाबाद के बीच तनाव बढऩे के बाद पाकिस्तान में एक विशेष समूह ने क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का अभियान शुरू कर दिया है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस्लामाबाद के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छा संबंध रखता हूं, बहुत-बहुत अच्छा। आपके पास एक महान प्रधानमंत्री हैं।
आपके पास एक महान जनरल हैं। दो ऐसे लोग जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं और मुझे लगता है कि पाकिस्तान बहुत अच्छा कर रहा है।विदेश विभाग में राजनीतिक मामलों की अवर सचिव एलिसन हूकर ने हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले पाकिस्तानियों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आत्मरक्षा के पाकिस्तान के अधिकार के प्रति अपना समर्थन जताया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने तत्काल युद्धविराम की अपील करते हुए दोनों पक्षों से कहा है कि वे कूटनीति के माध्यम से अपने मतभेदों को सुलझाएं। रॉयटर के अनुसार, तालिबान शासन ने कहा है कि वह इस्लामाबाद से बातचीत करने के लिए तैयार है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तान ने राजधानी काबुल, कंधार और अन्य शहरों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता बातचीत के लिए तैयार हैं।
अफगानिस्तान ने हमेशा संवाद के माध्यम से मुद्दों को हल करने की कोशिश की है और अब भी हम इस मामले को बातचीत के जरिये हल करना चाहते हैं।























