विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाई प्राप्त कर रहे विद्यार्थी : रणधीर

कोरबा। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर नगर के शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय साडा कोरबा में विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन विद्यालय प्रांगण में किया गया । इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा कोरबा से संकुल प्राचार्य रणधीर सिंह ने विज्ञान चलित मॉडल प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना का विकास करना है।इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित कार्यशील वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए, कक्षा आठवीं के बच्चों ने लेजर सुरक्षा प्रणाली, दुर्घटना सुरक्षा मॉडल, प्रकाश के अपवर्तन के सिद्धांत, बॉटल रॉकेट प्रदर्शित किए। कक्षा सातवीं की छात्राओं द्वारा वर्षा जल संरक्षण, वर्षा अलर्ट सिस्टम, न्यूटन डिस्क,कार्बन शुद्धिकरण यंत्र, खेतों में जानवरों से सुरक्षा सिस्टम, गणितीय ज्यामितीय आकारों के मॉडल, प्रोजेक्टर मशीन का वर्किंग मॉडल, होलोग्राम वर्किंग मॉडल का निर्माण किया । कक्षा छठवीं की बालिकाओं द्वारा हाइड्रोलिक क्रेन मॉडल, जल शुद्धिकरण मॉडल, दिन और रात का वर्किंग मॉडल, जल चक्र का चलित मॉडल, वर्षा जल संरक्षण चलित मॉडल बनाया गया जिसमें दिखाया गया कि किस प्रकार बारिश का पानी संग्रहित कर भविष्य में उपयोग किया जा सकता है । विद्यार्थियों ने प्रत्येक मॉडल के पीछे वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया। विद्यालय के प्रधान पाठक बी एल देवांगन ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का महत्व समझाया। विद्यालय की व्याख्याता उर्मिला राठौर ने बताया कि 28 फरवरी 1928 को सर सीवी रमन ने रमन प्रभाव की खोज की थी, इस महान खोज के लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया उनके इसी गौरवशाली योगदान को याद करने के लिए भारत सरकार ने 1986 में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने की घोषणा की जिसका उद्देश्य युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना है।
प्रदर्शनी में विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता सुषमा द्विवेदी, इंदु चंद्रवंशी ,सुनीला सिंह, रेणुका नायक, स्वप्निल पांडे, राज नारायण सिंह, गरिमा थवाईत,नरेंद्र देवांगन, कमलेश साहू, कृतिका मानिकपुरी, उमा साहू, मंजू साहू, डी.एल.एड. प्रशिक्षार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल संचालन में विज्ञान शिक्षिका सविता राठौर का मार्गदर्शन, अधीन सिंह एवं विनय साहू का विशेष योगदान रहा । इस विज्ञान प्रदर्शनी ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि बच्चों को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

RO No. 13467/11