800 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात सादे कपड़ों में घुमेगी इंटेलिजेंस टीम

अंबाला । रंगों का त्योहार होली, जो खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है, इस बार अंबाला में हुड़दंगियों के लिए महंगा साबित हो सकता है। अंबाला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रंगों का आनंद लें, लेकिन कानून की सीमाओं के भीतर रहकर। जिला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक अभेद्य सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार किया गया है, जिससे शहर के हर कोने पर पुलिस की नजर रहेगी। इस बार सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी और व्यावहारिक दोनों स्तरों पर मजबूत किया गया है। जिले भर में 70 विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने वालों, स्टंट करने वाले युवाओं और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर नकेल कसना है। इस सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए 800 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। ये जवान न केवल मुख्य चौराहों पर मुस्तैद रहेंगे, बल्कि संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त भी करेंगे। इस बार की सुरक्षा व्यवस्था की एक विशेषता यह है कि पुलिस की उपस्थिति को अदृश्य रखा जाएगा। अक्सर हुड़दंगी पुलिस की वर्दी देखकर रास्ता बदल लेते हैं, लेकिन इस बार पुलिस ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। खुफिया विभाग और सीआईए के दर्जनों कर्मचारी सादे कपड़ों में भीड़भाड़ वाले बाजारों, पार्कों और मोहल्लों में तैनात रहेंगे। ये अदृश्य सिपाही आम जनता के बीच रहकर शरारती तत्वों की पहचान करेंगे। यदि किसी ने महिलाओं के साथ बदतमीजी की या जबरन रंग डालने की कोशिश की, तो सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें मौके पर ही दबोच लेंगे।
इसके साथ ही सीआईए की आठ विशेष टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। पीसीआर और राइडर की टीमें शहर के मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में लगातार गश्त करेंगी। पुलिस लाइन में एक रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलते ही अतिरिक्त कुमक तुरंत मौके पर भेजी जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग रोकने के लिए बल प्रयोग से भी पीछे नहीं हटेंगे।होली पुराने गिले-शिकवे भुलाने का दिन है, कानून तोडऩे का नहीं। पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है कि वे प्राकृतिक रंगों का ही प्रयोग करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। सावधान रहें, किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें। याद रखें आपकी एक काल पुलिस को मिनटों में आपके पास पहुंचा देगी।

RO No. 13467/11