और करो मनमानी, होली से पहले मॉडिफाइड सैलेंसर वाले धरे गए नगर में

 

पकड़ाने के बाद मिन्नतें की, कोई असर नहीं

कोरबा। होली से पहले ही पुलिस ने ट्रैफिक रूल्स का पालन कराने को लेकर तगड़ा अभियान चलाया। सैकड़ों मामलों में कार्रवाई की। जो लोग धरे गए उन्हें जुर्माना देना पड़ा। इस पर भी बात समझ में नहीं आई। होलिका दहन की पूर्व संध्या को पुलिस ने टीपी नगर, पीएच रोड और निहारिका क्षेत्र में जांच-पड़ताल के साथ जबरदस्त कार्यवाही की। ऐसे लोगों ने छुटकारा पाने के लिए तमाम तर्क दिए पर यह कोशिश नाकाम रही। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी की देखरेख में यह अभियान संचालित हुआ। ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर और सहयोगी यहां-वहां आवागमन पर नजर रखे थे। होली की खरीदारी को लेकर सडक़ों पर दबाव ज्यादा नजर आया। उपर से रूल्स तोडऩे वाले भी आमादा रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत बुलेट और स्पोट्र्स बाइक में लगे मॉडिफाइड सैलेंसर से हुई।  इनके कारण रास्ते पर चलने वाली दूसरी गाडिय़ों के चालक सहित राहगीर परेशान हुए। पुलिस की टीम ने कुछ मामलों को आसानी से पकड़ा तो कुछ चालकों को पीछा कर उनकी धरपकड़ की।पुलिस के हत्थे चढऩे पर ऐसे चालकों ने अपने-अपने स्तर पर बताना चाहा कि गाड़ी का मॉडल ही ऐसा है, कंपनी ने लगाकर दिया है और हम लोग इसमें कुछ नहीं कर सकते। पुलिस ने समझाया कि वास्तविक चीज क्या होती है और आपकी ओर से जो कोशिश की गई है उससे हर कोई परेशान है। इसलिए मुरव्वत का कोई विकल्प नहीं है। ऐसे प्रकरणों में गाडिय़ों को जब्त करने की कार्यवाही की गई। इन्हें सीधे यातायात थाना भिजवाया गया। अगली कार्यवाही कोर्ट से होगी, वह भी अगले कार्यालयीन दिवस पर। उपर से चालकों को लंबी पेनाल्टी अदा करने के बाद ही गाड़ी प्राप्त होगी। सीएसपी ने बताया कि होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव के बाद तक इस अभियान को कोरबा क्षेत्र में संचालित करना ही है। हमारी कोशिश है कि जो रूल्स बने हुए हैं उनका हर कोई पालन करे, और जो तोड़ेगा उनके साथ सख्ती   होगी ही।

RO No. 13467/11