एबीयू की मेरिट सूची में सातवींं रैंक हासिल की निकिता ने

कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा घोषित एमए अंतिम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में कोरबा की प्रतिभाशाली छात्रा निकिता सिंह राजपूत ने शानदार सफलता हासिल की है। कमला नेहरू महाविद्यालय की छात्रा निकिता ने मास्टर ऑफ आर्ट्स (अंग्रेजी) में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
विश्वविद्यालय की जारी मेरिट सूची में भी निकिता ने सातवां स्थान अर्जित कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है। परिणाम घोषित होते ही महाविद्यालय परिसर एवं शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। प्राचार्य, प्राध्यापकगण और सहपाठियों ने निकिता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निकिता सिंह राजपूत समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसर सिंह राजपूत और आरती सिंह की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवारजनों के मार्गदर्शन व सहयोग को दिया है। निकिता ने बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी। उनका लक्ष्य भविष्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए शिक्षण और शोध कार्य से जुडऩा है। निकिता की इस उपलब्धि से कोरबा शहर के युवाओं को प्रेरणा मिली है। शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए मिसाल बनेगी।

RO No. 13467/11