खाड़ी में कोहराम जारी: ईरान ने अमेरिका के तेल टैंकर पर किया हमला, ट्रंप बोले- मुझे खामेनेई का बेटा मोजतबा अस्वीकार्य

नई दिल्ली। ईरान के साथ चल रहे युद्ध के छठे दिन इजरायल और अमेरिका ने तेहरान सहित कई शहरों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले जारी रखे, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में एक अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला किया।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता के चयन में अपनी व्यक्तिगत भागीदारी की मांग की और दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को “अस्वीकार्य” और “लाइटवेट” करार दिया।

ट्रंप ने एक्सियोस को दिए इंटरव्यू में कहा कि मुझे इस नियुक्ति में शामिल होना चाहिए, जैसे वेनेजुएला में डेल्सी रोड्रिगेज के मामले में हुआ था। खामेनेई का बेटा मुझे स्वीकार्य नहीं है। हम ऐसा व्यक्ति चाहते हैं जो ईरान में सद्भाव और शांति लाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खामेनेई की नीतियों को जारी रखने वाला नेता चुना गया, तो अमेरिका को पांच साल में फिर युद्ध की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया था कि ईरान में सत्ता परिवर्तन उनका प्राथमिक उद्देश्य नहीं है, लेकिन युद्ध अब शासन परिवर्तन की दिशा में बढ़ता दिख रहा है। मोजतबा खामेनेई, जो आईआरजीसी से करीबी संबंध रखते हैं, को कई ईरानी स्रोतों ने उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि युद्ध के कारण उत्तराधिकारी प्रक्रिया अनिश्चित है।

RO No. 13467/11