अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद

देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शनिवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। दौरे से एक दिन पूर्व शुक्रवार को जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने डोईवाला से हरिद्वार जनपद की सीमा तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने रायवाला स्थित होटल गाडविन का भी दौरा किया। केंद्रीय गृहमंत्री यहां अल्प विश्राम करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने होटल तक जाने वाले संपर्क मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और होटल परिसर की आंतरिक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

होटल में विद्युत व्यवस्था, एयर कंडीशनिंग, फायर सेफ्टी, लिफ्ट, ग्रीन रूम, रेस्ट रूम, मीटिंग हाल और पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन ने होटल प्रबंधन को फायर सेफ्टी आडिट तत्काल कराने के निर्देश दिए, जबकि विद्युत विभाग को जेनसेट के साथ वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

RO No. 13467/11