
लुधियाना। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शन करने वाले शातिर साइबर ठगों के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लुधियाना में एसबीआई के 119 एटीएम को निशाना बनाकर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई सेशन कोर्ट के आदेशों के बाद की गई है। पुलिस ने एसबीआई ट्रेजरी ब्रांच के मैनेजर अविनाश कुमार की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 के दौरान शहर में स्थित एसबीआई के कई एटीएम में संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आने लगे थे।
इसके बाद बैंक प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि अज्ञात ठगों ने 119 अलग-अलग एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम की ट्रांजेक्शन कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक की ओर से उपलब्ध कराए गए डाटा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह का राजफाश किया जाएगा।




























