
भुवनेश्वर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को भुवनेश्वर पहुंचे और यहां से कटक के मुंडली जाकर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के 57वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश 31 मार्च तक नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। इससे पहले भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर उनका स्वागत ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिडा, राज्य भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और अन्य नेताओं ने किया।
इसके बाद वे सीधे मुंडली के लिए रवाना हो गए, जहां सीआईएसएफ के स्थापना दिवस का आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।गृह मंत्री अमित शाह ने अपने दौरे के दौरान ओडिशा में 3275 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
औद्योगिक सुरक्षा में सीआईएसएफ की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और औद्योगिक विकास में सीआईएसएफ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को सुरक्षा प्रदान करने वाले सीआईएसएफ के जवानों और उनके परिवारों को 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर मैं धन्यवाद देता हूं।
भारत को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए औद्योगिक विकास आवश्यक है और उस विकास की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक औद्योगिक सुरक्षा बल का होना जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 56 वर्षों में सीआईएसएफ ने अपनी जिम्मेदारी को मजबूती से निभाने के साथ-साथ समय के साथ खुद को आधुनिक भी बनाया है।




























