तीन माह बाद देश के लड़ाकू विमान उड़ाकर इतिहास रचेंगी हरियाणा की इशिता सांगवान

चरखी दादरी। बेटियों को अगर मौका मिले तो वो ऐसा कारनामा कर सकती हैं जो पहले कभी ना हुआ हो। एयरफोर्स में फाइटर पायलट का प्रशिक्षण ले रहीं चरखी दादरी जिले के गांव छपार निवासी इशिता सांगवान इसकी बानगी हैं।वो एनडीए के जरिए देश के पहले महिला फाइटर पायलट बैच का हिस्सा हैं और एक साल की ट्रेनिंग पूरी होने में अब केवल तीन माह बाकी है। जून 2026 में वो कमीशन प्राप्त कर लेंगी और उसके बाद वो देश के लड़ाकू विमान उड़ाएंगी। फिलहाल वो एडवांस फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाने का प्रशिक्षण ले रही हैं। इशिता की यह उपलब्धि अपने आप में खास है, क्योंकि इससे पहले कोई भी बेटी देश की फाइटर पायलट नहीं बनी है।बता दें कि छपार निवासी इशिता सांगवान महज 22 वर्ष की हैं। अगस्त 2022 में एनडीए के जरिए 19 बेटियों का चयन हुआ था जिनमें वो भी शामिल थीं। इसके बाद इन बेटियों की तीन साल की ट्रेनिंग हुई थी, जो 30 मई 2025 को पूरी हुई थी। दो बेटियां प्रशिक्षण पूरा नहीं कर पाई थीं जबकि 17 ने प्रशिक्षण पूरा किया। इन 17 बेटियों में से दो बेटियों को एयरफोर्स, चार को नेवी व 11 को आर्मी विंग में एक साल का प्रशिक्षण पूरा करना था।इशिता सांगवान को एयरफोर्स में फाइटर पायलट बनने की ट्रेनिंग हैदराबाद में दी जा रही है। उनके पिता चरण सिंह सांगवान ने बताया कि जून 2026 में प्रशिक्षण पूरा होते ही इशिता को कमीशन प्राप्त हो जाएगा। इशिता के अलावा जिस दूसरी बेटी को एयरफोर्स विंग मिली है वो भी हरियाणा से ही हैं।उन्होंने संवाददाता के साथ बातचीत में इशिता सांगवान की उपलब्धि की कहानी भी सांझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में इशिता कोटा में थीं और उस दौरान उन्होंने उसे फोन कर बताया कि लड़कियां भी अब एनडीए में जा सकती हैं। यह सुनकर उसे बेहद खुशी हुई। इससे पहले यह विकल्प न होने के कारण सिविल सर्विसेज में जाना इशिता का लक्ष्य था, लेकिन इसके बाद उसने एनडीए को चुना। इशिता सांगवान ने बताया कि वर्ष 2022 में वो 12वीं कक्षा की परीक्षा की तैयारियों में जुटी थीं और एक माह के बाद एनडीए की लिखित परीक्षा थी। 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के लिए की जा रही तैयारी का काफी फायदा हुआ जबकि इसके बाद 15 दिन की तैयारी कर एसएसबी भी क्लीयर कर दिया।
6 अगस्त 2022 को घर ज्वाइनिंग लेटर पहुंचा और 9 अगस्त को पुणे जाकर ज्वाइन कर लिया। इसके बाद एनडीए का तीन साल का प्रशिक्षण पूरा किया और अब एयरफोर्स में फाइटर पायलट बनने के लिए 9 माह का प्रशिक्षण ले चुकी हैं जबकि तीन माह का प्रशिक्षण शेष है।शिता सांगवान के पिता चरण सिंह सांगवान व माता अनीता सांगवान शिक्षक हैं। वहीं, उनकी बहन आस्था एमबीबीएस कर रही हैं। एनडीए का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इशिता अपने पैतृक गांव छपार आई थीं।इशिता सांगवान ने अन्य बेटियों को भी एक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बेटियां बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और फिर पूरी शिद्दत से उसे पाने के लिए मेहनत करने में जुट जाएं। फिर देखेंगी कि कुछ भी असंभव नहीं है। लक्ष्य प्राप्ति के बाद खुशी मिलती है और ताउम्र उसका फक्र रहता है।

RO No. 13467/11