
सक्ती। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया लीनेस क्लब सीजी-1 की शाखा लीनेस क्लब सक्ती ने सम्मान समारोह आयोजित किया। डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मां से बेटी सवाई के तहत बाराद्वार की होनहार बेटी आकांक्षा सिंह और उनकी माता सुमन सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण आकांक्षा सिंह की प्रेरक जीवन यात्रा रही। स्कूली शिक्षा के दौरान ही आकांक्षा ने अपनी आंखों की रोशनी खो दी थी, लेकिन उनकी मां सुमन सिंह ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से आकांक्षा का हौसला बनाए रखा और उनकी पढ़ाई पूरी करवाई। आज आकांक्षा सिंह नेशनल इंश्योरेंस कंपनी, कोरबा में असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। लीनेस क्लब सक्ती की चार्टर अध्यक्ष शहनाज बानो ने कहा, बेटी सिर्फ एक संतान नहीं, बल्कि एक महिला के रूप में शक्ति का स्वरूप है। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. शालू पाहवा, क्लब सचिव निकहत करीम मलिक, कोषाध्यक्ष प्रिया दुबे, पूर्व अध्यक्ष विजिया जायसवाल समेत कई सदस्य उपस्थित रहे। जूनियर क्लब सक्ती की अध्यक्ष पायल साहू और कोषाध्यक्ष रागिनी साहू भी इस गौरवपूर्ण पल की साक्षी बने।

























