
राहौद। माता परमेश्वरी जयंती के अवसर पर राहौद नगर में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। देवांगन समाज के महिला पुरुष और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता परमेश्वरी की विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ हुई। इसके बाद निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर बिलारी चौक, देवांगन मोहल्ला और बरपार मार्गों का भ्रमण किया। समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और समाज की एकता तथा सांस्कृतिक परंपरा का संदेश दिया। देवांगन समाज द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। समाज के अध्यक्ष ने कहा कि माता परमेश्वरी जयंती देवांगन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिभा कश्यप, उपाध्यक्ष गयाराम चंदेल, सभापति संतोष यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष गुप्ता, नगर पंचायत पार्षद, समाज के पदाधिकारी और युवा भी शामिल हुए।























