
रांची 8 मार्च। झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार रात करीब दो अपराधियों ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटॉस रेस्टोरेंट के भीतर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष गोप के रूप में हुई है, जो रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था। बताया जा रहा है कि अपराधी रेस्टोरेंट मालिक राजकुमार गोप की हत्या के इरादे से पहुंचे थे। उन्हें 25 दिसंबर को गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी दी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वारदात के पीछे प्रिंस खान का गिरोह हो सकता है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना को दो अपराधियों ने अंजाम दिया, जो बाइक से रात करीब 8.30 बजे रेस्टोरेंट पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक आरोपी बाइक स्टार्ट कर सडक़ किनारे खड़ा रहा, जबकि दूसरा आरोपी रेस्टोरेंट के अंदर घुस गया और वहां फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। इसी दौरान एक गोली मनीष गोप के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग होते ही रेस्टोरेंट के अंदर अफरातफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से बाहर निकला और बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारी घायल मनीष गोप को राज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के दौरान वहां से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं।





















