
प्रयागराज, 0८ मार्च ।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रीवा एक्सप्रेस में उन पर धारदार हथियार से अटैक हुआ, नाक काटने की कोशिश की गई। उन्होंने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगियों की साजिश होने का आरोप लगाया है। मामले में प्रयागराज के जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दी गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक, हमला उस समय हुआ, जब वे रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे। उनका कहना है कि ट्रेन फतेहपुर और सिराथू के बीच पहुंचने वाली थी और इसी दौरान वे टॉयलेट जाने के लिए उठे थे. तभी एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर ने सीधे उनकी नाक पर वार करने की कोशिश की और कई जगहों पर चोट पहुंचाई। अचानक हुए इस हमले से ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि उन्होंने हमलावर का सामना किया और किसी तरह अपनी जान बचाई।




















