
सक्ती। थाना कोतरारोड रायगढ़ क्षेत्र से 7 मार्च को चोरी हुए लोहे के एंगल से भरे ट्रेलर क्रमांक आरजे 48 जीपी 3147 को सक्ती पुलिस ने नाकाबंदी और लगातार पीछा करते हुए पकड़ लिया।
घटना की जानकारी रायगढ़ कंट्रोल से सक्ती कंट्रोल को मिली और वाहन पकडऩे के लिए अलर्ट जारी किया गया। कंट्रोल रूम में पदस्थ राजेश घिरदे ने सूचना को सभी पुलिस टीमों तक पहुंचाया। इसके बाद यातायात प्रभारी वाय एन शर्मा ने हाईवे पेट्रोलिंग और चेकिंग प्वाइंट में तैनात पुलिसकर्मियों को नाकाबंदी के निर्देश दिए। मसनिया चेकिंग प्वाइंट में आरक्षक दिलेवर साहू, हिरेंद्र सिंह, विजय जोंडे और सुभाष सिदार ने ट्रेलर रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला।
कंचनपुर में तैनात जयप्रकाश गवेल, रमेश घिरहे और राकेश हरवंश ने भी रोकने का प्रयास किया, परन्तु ट्रेलर आगे निकल गया। इसके बाद जेठा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास तैनात सरजुन सिंह और रूपेश कंवर को सडक़ जाम कर मार्ग बंद करने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान मसनिया से पेट्रोलिंग टीम ट्रेलर का पीछा करती रही और संयुक्त कार्रवाई के बाद ट्रेलर को रोका गया। चालक ने अपना नाम कुलदीप राज निवासी प्रतापपुर थाना सावड़ा जिला अजमेर बताया। आरोपी को थाना बाराद्वार में सुरक्षित रखा गया। बाद में कोतरारोड पुलिस आरोपी को लेकर आगे की जांच में जुटी।























