
जांजगीर। शहर के ग्राम कनई (भाटापारा) में इन दिनों अखण्ड नवधा रामायण और मानस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हो रहा है। धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत 8 मार्च को कलश यात्रा के साथ हुई, जो 18 मार्च तक चलेगी। रविवार को निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने भाग लिया। पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए यात्रा में हिस्सा लिया, वहीं ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। आयोजन समिति ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग ग्राम की महिलाओं ने इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन में सहयोग के रूप में किया है। इससे गांव में एकता, आस्था और सहभागिता का वातावरण मजबूत हुआ है। कलश यात्रा के बाद विधि-विधान के साथ अखण्ड नवधा रामायण पाठ की शुरुआत हुई। आचार्य पंडित उमाशंकर तिवारी रामायण पाठ कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासी और समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।























