
नई दिल्ली। पूर्वी एशिया में बढ़ते तनाव के बीच जापान ने अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जापान ने चुपचाप 1000 किलोमीटर तक मार करने वाली नई टाइप-12 लंबी दूरी की मिसाइल प्रणाली की तैनाती शुरू कर दी, जिससे चीन के कई इलाके उसकी मारक क्षमता के दायरे में आ गए हैं।
जापान ने स्वदेशी रूप से विकसित टाइप-12 मिसाइल सिस्टम के लॉन्चर को दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र कुमामोटो प्रीफेक्चर के एक सैन्य कैंप में पहुंचाना शुरू कर दिया है। यह कदम बेहद गोपनीय तरीके से उठाया गया और सैन्य वाहनों के जरिए आधी रात के बाद उपकरण वहां पहुंचाए गए। यह पहली बार है जब जापान अपने देश में विकसित इतनी लंबी दूरी की मिसाइल को तैनात कर रहा है, जो उसकी काउंटर-स्ट्राइक क्षमता को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
1000 किलोमीटर तक मारक क्षमता
जापान की टाइप-12 मिसाइल का उन्नत संस्करण लगभग 1000 किलोमीटर तक टार्गेट हिट करने में सक्षम है। इसके पुराने मॉडल की रेंज करीब 200 किलोमीटर थी लेकिन नई तकनीक से इसकी क्षमता कई गुना बढ़ गई है। नई मिलाइल की रेंज में चीन का तटीय इलाका औप कई रणनीतिक ठिकाने आ गए हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि जापान का यह कदम पूर्वी चीन सागर और ताइवान जलडमरूमध्य में शक्ति संतुलन स्थापित कर सकता है।





























