
कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत चैतमा वन परिक्षेत्र में वनों की अग्नि सुरक्षा के लिए रेंजर दिनेश कुर्रे के नेतृत्व में विभागीय अमला सक्रिय हो गया है। परिक्षेत्र में स्थित गांव में दीवार लेखन के साथ ग्रामीणों की लगातार बैठक लेकर वन अमला द्वारा उन्हें जंगल में आग न लगाने की समझाईश दी जा रही है। साथ ही आग लगने की सूचना तत्काल देने को कहा जा रहा है ताकि अमला मौके पर पहुंच सके और आग बुझाकर वनों को नुकसान होने से बचाया जा सके।
ज्ञात रहे कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत एवं एसडीओ पाली का सख्त निर्देश है कि वनों की अग्नि से सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक प्रचार-प्रसार करने के साथ जन जागरूगता कार्यक्रम चलाकर लोगों खासकर ग्रामीणों को जागरूक किए जाए। इसी कड़ी में रेंज अंतर्गत घुईंचुआ परिसर में वन क्षेत्र को आग से बचाने हेतु ग्रामीणों की बोलचाल भाषा छत्तीसगढ़ी में दीवार लेखन कार्य तथा प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं सपलवा परिसर में परिसर रक्षक बाइसेमर एवं राहा की उपस्थिति में राहा सर्किल के समस्त अग्नि प्रहरियों की बैठक लिया गया और बैठक में वनों को आग से बचाने हेतु उपाय एवं समझाईश दिया गया। इसी प्रकार ग्राम राहा के तिहाईपारा एवं अंधियारीपारा में ग्रामीणों की बैठक अग्नि सुरक्षा के संबंध में ली गई और उन्हें जंगल में आग न लगाने, अवैध शिकार न करने एवं आग से होने वाले नुकसान के संबंध में जानकारी दी गई।



















