
साहिबाबाद, ११ मार्च ।
मजहबी कट्टरता के खिलाफ आवाज उठाने वाले यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के मामले में प्रतिदिन नई जानकारी निकलकर सामने आ रही हैं। सलीम का दिया गया आपत्तिजनक व अभद्र बयान हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है। धमकी देने और हमले की जिम्मेदारी लेने वाले पाकिस्तानी यूट्यूबर मोहम्मद हमाद बकराती के दिल्ली एनसीआर से भी कनेक्शन होने का दावा किया जा रहा है। उसके गुर्गे यहां सक्रिय हैं और हमाद तक सलीम के बारे में सभी जानकारी व अपडेट पहुंचा रहे हैं। इन्हीं गुर्गों द्वारा सलीम वास्तिक के लोनी के घर का पता भी हमाद तक पहुंचाया गया, इसके बाद उसने पता अपने अकाउंट पर सार्वजनिक कर सलीम की गर्दन काटने की अपील की थी। अंदेशा यह भी है कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए जीशान व गुलफाम ने हमाद के उकसावे में आकर ही सलीम पर जानलेवा हमला किया। जानकारी मिली है कि सलीम ने कुछ समय पहले अपने चैनल पर एक वीडियो जारी किया था। इसमें उसने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इसके बाद दो फरवरी को पाकिस्तानी यूट्यूबर मोहम्मद हमाद बकराती ने सलीम के बारे में पहला वीडियो जारी कर भारत सरकार से उसे गिरफ्तार कर जेल में डालने की मांग की थी।उसने धमकी दी थी कि ऐसे गुस्ताखों के लिए कोई जगह नहीं है, या तो इस पर सरकार लगाम डाले, नहीं तो हम लगाम डालना जानते हैं। अगर सरकार गिरफ्तार नहीं करती तो हिंदुस्तान के मुसलमान आगे का काम करेंगे। हमाद को सलीम के घर का पता नहीं मालूम। उसने जारी वीडियो में कहा है कि हमे पता है कि सलीम दिल्ली या गाजियाबाद के आसपास कहीं रहता है। हम यहां तक पहुंच गए तो आगे भी पहुंच जाएंगे।सलीम की लोकेशन व पता वीडियो में साझा करेंगे। इसके बाद वह हमले से एक दिन पहले 26 फरवरी को एक और वीडियो जारी कर सलीम की गर्दन उड़ाने की अपील करता है और उसका पता सार्वजनिक करता है। 26 फरवरी को वह इस वीडियो को कुछ देर बाद डिलीट कर देता है और 27 फरवरी को हमले के बाद दोबारा इस वीडियो को अपलोड करता है। इसके बाद वह हमले की जिम्मेदारी भी लेता है। चार और पांच मार्च को वह मुठभेड़ में ढेर हुए जीशान और गुलफाम के फोटो लगाकर वीडियो अपलोड करता है और सलीम की हालत में सुधार वाली फोटो भी अपनी पोस्ट पर लगाता है। जीशान व गुलफाम के मारे जाने के बाद पुलिस दोनों के खोड़ा, लोनी समेत एनसीआर में कनेक्शन खंगालने में जुटी है। दोनों किन लोगों के संपर्क में थे, उनका आर्थिक मदद कौन करता था, किनके उकसावे में आकर दोनों सलीम पर हमला किया। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। दोनों का पैन नंबर नहीं मिलने के बाद पुलिस अब फंडिंग का पता लगाने के लिए बैंक खातों की जांच के लिए अमरोहा जाएगी।दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती सलीम वास्तिक की हालत में लगातार सुधार जारी है। हालांकि हालत अभी भी गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। पुलिस अधिकारी लगातार उनका हेल्थ अपडेट ले रहे हैं। वहीं लगातार धमकी मिलने को लेकर अस्पताल की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। मामले में विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस इंटरनेट मीडिया की भी जांच कर रही है। जीशान व गुलफाम के मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए गए हुए हैं। मोबाइल से जानकारी मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।



















