नल जल योजना का काम पंतोरा में हुआ बेपटरी, अब पीएचई करेगा जांच

जांजगीर। जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत पंतोरा में जल जीवन मिशन के तहत चल रहा नल-जल योजना का कार्य पिछले लगभग तीन वर्षों से ठप पड़ा है। गांव की मुख्य बस्ती में पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा होने से किसी भी ग्रामीण को योजना के तहत पानी नहीं मिला है। ग्रामीणों ने फिर कलेक्टर के साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन देकर कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में ग्राम पंतोरा के ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना का काम लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। पाइपलाइन बिछाने और अन्य जरूरी कार्य अधूरे होने के कारण योजना का लाभ गांव तक नहीं पहुंच पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले भी कलेक्टर जनदर्शन में इस संबंध में आवेदन दिया था, लेकिन उस समय केवल कागजी कार्रवाई हुई और जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। जनदर्शन में आवेदन मिलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तीन साल से योजना का कार्य अधूरा पड़ा है और ग्रामीण इसके लाभ से वंचित हैं, इसलिए जल्द से जल्द शेष कार्य पूरा कराया जाए। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं भी संवेदनशीलतापूर्वक सुनीं।
जनदर्शन में 74 आवेदन जनदर्शन में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अकलतरा तहसील के परसाही निवासी रामलाल यादव द्वारा राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार, चांपा तहसील के ग्राम कमरीद निवासी अनुपरेखा सूर्यवंशी द्वारा राशन कार्ड बनवाने, बम्हनीडीह तहसील के ग्राम कनकपुर निवासी सोनी बाई द्वारा खसरा नंबर दुरुस्त कराने, चांपा तहसील के ग्राम बिर्रा निवासी पवन कुमार जांगड़े द्वारा दिव्यांग पेंशन व ट्राइसाइकिल दिलाने, जांजगीर तहसील के ग्राम पुटपुरा निवासी माधुरी राठौर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा पामगढ़ तहसील के ग्राम कुथुर निवासी बृहस्पति बाई द्वारा नया बिजली मीटर लगवाने संबंधी आवेदन शामिल रहे।

RO No. 13467/11