कोरबा: पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे पर शराब के नशे में उत्पात का आरोप, दुकान में टक्कर के बाद बुजुर्ग से मारपीट

कोरबा,11 मार्च । छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक बार फिर राजनीतिक रसूख और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने शराब के नशे में कार चलाते हुए सड़क किनारे स्थित एक दुकान को टक्कर मार दी और विरोध करने पर दुकानदार के साथ मारपीट की।

मिली जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संदीप कंवर शराब के नशे में स्विफ्ट डिजायर कार चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे लगी सेवई की एक दुकान से जा टकराई। अचानक हुई इस घटना से दुकान को नुकसान पहुंचा और आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।

दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने उनके साथ मारपीट कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कार सहित कोतवाली थाना ले जाया गया।

RO No. 13467/11