होटल, रेस्टोरेंट और बरातघरों को नहीं मिलेंगे कमर्शियल सिलेंडर, पिथौरागढ़ में 150 होटल बंद होने के कगार पर

पिथौरागढ़, १२ मार्च ।
पिथौरागढ़। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अब कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिलेंगे। इस पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ अस्पताल और शिक्षण संस्थानों को ही कामर्शियल सिलेंडर दिये जायेंगे।सिलेंडरों पर रोक लगने से 150 से अधिक होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट के बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। जिले में रसोई गैस का फिलहाल कोई संकट नहीं है, लोगों को सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं। जिले भर में 150 से अधिक होटल, रेस्टारेंट और ढाबे संचालित हो रहे हैं।भोजन, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए संचालक कामर्शियल सिलेंडर का उपयोग करते हैं। नगर में संचालित होने वाले डेढ़ दर्जन बड़े रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों में चार से पांच दिन में एक कामर्शियल सिलेंडर खत्म हो जाता है। इसी तरह चाऊमीन आदि बनाने वाले होटलों में भी सिलेंडर की खासी खपत होती है। कामर्शियल सिलेंडरों पर रोक से अब इनके लिए कारोबार जारी रखना मुश्किल हो गया है। नगर में रेस्टोरेंट चलाने वाले दिनेश जोशी, राजकुमार आदि ने बताया कि उनके होटल, रेस्टोरेंट में आठ से दस का स्टाफ है, जिनका खर्च कारोबार से निकलता है। कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिले तो उन्हें अपना कारोबार बंद करना पड़ेगा, इसका असर स्टाफ पर भी पड़ेगा। सिलेंडर के अभाव में फिलहाल कोई होटल, रेस्टोरेंट बंद नहीं हुआ है। इधर मंगलवार को जिला मुख्यालय में कुकिंग गैस के चार वाहन पहुंचे। गैस का वितरण सामान्य ढंग से हुआ।

RO No. 13467/11