ग्राहकों को 25 दिन बाद ही मिलेगा घरेलू सिलेंडर

कोरबा । घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग रोकने छापेमारी के बीच जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 25 दिन बाद उपभोक्ताओं को दोबारा घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी होगी। गैस एजेंसियों को रोज के स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा में देनी होगी।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने बुधवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए रसोई गैस पर किसी तरह की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन से किया जाए। बिना इसके किसी भी स्थिति में सिलेंडर की डिलीवरी न हो। उपभोक्ताओं को 25 दिन के पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।
उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के आधार पर और बुकिंग तिथि के अनुक्रम में दिया जाए। स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए। घरेलू गैस सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी। उन्होंने खाद्य अधिकारी को सभी गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी बनाए रखने कहा।

RO No. 13467/11