टीपी नगर चौक रेलवे क्रासिंग पर घंटो खड़ी रही मालगाड़ी, लोग हुए परेशान

कोरबा। शहर के टीपी नगर चौकी रेलवे क्रासिंग लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। आज प्रात: यहां कोयला भरी मालगाड़ी के रेलवे क्रासिंग पर घंटों खड़ी रहने से लोगों जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक अतिरिक्त इंजन आने के बाद मालगाड़ी क्रासिंग से आगे बढ़ी और जाम में फंसे लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
ज्ञात रहे इस रेलवे ट्रैक से बालको एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के संयंत्रों के लिए कोयला आपूर्ति हेतु मालगाडिय़ां चलती हैं, जो ओवरलोड तथा ट्रैक के चढ़ाव होने और मालगाड़ी के डिब्बों की अधिकाधिक संख्या होने के कारण अक्सर टीपी नगर चौक रेलवे क्रासिंग पर आते-आते हॉफ जाती है तथा यहां खड़ी हो जाती है। आज भी ऐसे ही मालगाड़ी सुबह 9.30 बजे के लगभग यहां पहुंची और क्रासिंग के बीचोबीच खड़ी हो गई जिससे लोग क्रासिंग पार नहीं कर सके और इसमें फंसे रहे। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग चुनते हुए या तो शारदा विहार की ओर से अपने गंतव्य की ओर गए या रिकांडो मार्ग का उपयोग कर सीएसईबी चौक होते हुए पार हुए, लेकिन चारपहिया वाहन क्रासिंग में फंसी रही और इसके खुलने का इंतजार करते हुए खड़े रहे। 11 बजे के बाद जब मालगाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त इंजन मंगवाया गया तो उसके आने के बाद मालगाड़ी आगे बढ़ी और इसमें फंसे लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। टीपी नगर रेलवे क्रासिंग पर मालगाडिय़ों के लंबे समय से खड़े रहने का यह पहला मामला नहीं था। अक्सर यहां पर मालगाडिय़ां घंटों खड़े रहती है। इस दौरान जाम लगने से यहां के व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित होता है। लोगों द्वारा टीपी नगर चौक पर आए दिन होने वाली इस समस्या से निपटने के लिए ओवरब्रिज बनाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है लेकिन अब तक इस हेतु न तो रेलवे ने कोई कदम उठाया है और न ही संबंधित प्रतिष्ठानों ने।

RO No. 13467/11