तमाम समझाईश के बावजूद ग्रामीण जंगल में लगा दे रहे आग

कोरबा। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को अग्नि सुरक्षा संबंधी तमाम समझाईश देने तथा जंगल में आग न लगाने की अपील करने के बावजूद ग्रामीण जिले के कटघोरा तथा कोरबा वनमंडल स्थित जंगलों में आग लगा दे रहे हैं जिससे अमला काफी परेशान हैं। देर रात आग को बुझाने के लिए प्रयास में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार वर्तमान में महुआ सीजन शुरू हो गया है और ग्रामीण इसके संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकलकर गांव की ओर जाना शुरू कर दिए हैं। ग्रामीणों द्वारा मौका देखकर महुआ पेड़ के नीचे आग लगाकर छोड़ दिया जा रहा है जो धीरे-धीरे फैलकर जंगल की ओर बढ़ जा रहा है जिससे जंगल को नुकसान हो रहा है। जानकारी मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचता है और फायर ब्लोवर की मदद से आग पर काबू पाता है। जंगल में आग लगने की घटनाएं आए दिन देखने को मिल रही है। इससे पहले वन विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए जगह-जगह जनजागरूकता रैली निकाली गई थी। कई स्थानों पर दीवार लेखन भी कराया गया था और बैठक लेकर ग्रामीणों को अग्नि सुरक्षा संबंधी उपाय बताने के साथ-साथ जंगल में आग न लगाने की समझाईश दी गई थी। इस दौरान लोगों ने आश्वासन दिया था लेकिन अब मौका मिलते ही अपने आश्वासन को तोडक़र महुआ पेड़ के नीचे आग लगा दे रहे हैं ताकि पेड़ के नीचे साफ-सफाई हो और महुआ संग्रहण में उन्हें आसानी हो सके।

RO No. 13467/11