
पानीपत। टटीरी गाने के रैप वर्जन पर बढ़े विवाद के बीच हरियाणा महिला आयोग ने सिंगर-रैपर बादशाह के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नोटिस के बावजूद शुक्रवार को आयोग के सामने पेश न होने पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने उनकी गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए।
इसके साथ ही पंचकूला व पानीपत के एसपी को बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए। आयोग ने गाने पर आपत्ति के चलते छह मार्च को नोटिस जारी किया था व बादशाह को 13 मार्च को पानीपत एसपी कार्यालय में आयोग के समक्ष पेश होने को कहा था।
हालांकि बादशाह की ओर से वकीलों का पैनल पेश हुआ। गायक की ओर से एडवोकेट अक्षय दहिया ने बताया कि व्यस्त होने पर बादशाह नहीं आ सके। आयोग से अगली तारीख व वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पक्ष रखने की अनुमति मांगी। रेनू भाटिया ने रैपर के गिरफ्तारी के निर्देश जारी कर कहा ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रेनू भाटिया ने गाया यह रैप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में रेनू भाटिया रैप गा रही हैं, इसके बोल हैं- ‘आया है आयोग लड़की बचाने, लड़की को पढ़ाने, लकड़ी को आगे बढ़ाने, नहीं करने दो उसे ऐसा काम, हम बनाएंगे अफसर, टीचर, इंजीनियर, कोई देखेगा आयोग की तरफ, कोई देखेगा किसी बेटी की तरफ, लठ मार देंगे आयोग की तरफ से।





















