आवास योजनाओं की समीक्षा में सीईओ के निर्देश: 31 मार्च तक प्लिंथ लेवल व निर्माण पूर्ण करें, ‘बाला कॉन्सेप्ट’ पर बनें आंगनबाड़ी भवन”

कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

शनिवार को सीईओ श्री नाग ने सुबह जनपद पंचायत करतला में तथा दोपहर में जिला पंचायत सभागार में जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत आने वाले सभी सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों की बैठक लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-26 में प्रथम किस्त प्राप्त आवासों का 31 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत प्लिंथ लेवल निर्माण पूर्ण कर जियोटैगिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण कार्य भी 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को भी शीघ्रता से पूरा करने के लिए कहा गया।

बैठक में सीईओ ने डीएमएफ एवं मनरेगा के अभिसरण से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण ‘बाला कॉन्सेप्ट’ के आधार पर करने के निर्देश दिए, ताकि भवन बच्चों के सीखने के अनुकूल और आकर्षक बन सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनपद पंचायत करतला के सीईओ श्री वैभव कौशिक, जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ श्री खगेश निर्मलकर, प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11