जी राम जी योजना मजदूरों के लिए वरदान साबित होगी

कोरिया बैकुंठपुर। विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप साहू ने जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत फूलपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण मजदूरों और किसानों से मुलाकात कर केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा मजदूरों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
ग्राम पंचायत फूलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री साहू ने विशेष रूप से मजदूरों को ‘जी राम जी योजना’ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना मजदूर वर्ग के लिए बेहद महत्वपूर्ण और लाभकारी साबित होने वाली है। इस योजना के माध्यम से मजदूरों को उनके कार्य का भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और मजदूरों को उनका पूरा अधिकार मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के हित में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को वर्ष में 100 दिनों का रोजगार मिलता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इससे ग्रामीण मजदूरों की आय में वृद्धि होगी और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी। श्री साहू ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि इस योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे गांव में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को रोजगार के लिए बाहर पलायन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं की जानकारी भी ली और उनसे पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से उनके मकान निर्माण की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से मिलने वाली राशि और उसकी उपयोगिता के संबंध में भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। श्री साहू ने प्रदेश की सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही उन्होंने बैकुंठपुर क्षेत्र के विधायक द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर किसानों, मजदूरों और आम लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत फूलपुर के अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी योजनाओं के संबंध में अपने अनुभव साझा किए और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का माहौल संवादात्मक रहा, जहां ग्रामीणों ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं और उन्हें योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

RO No. 13467/11