
कोलकाता। विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद बंगाल में शनिवार शाम चुनाव आचार संहिता लागू होने के कुछ ही घंटों के भीतर निर्वाचन आयोग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के दो शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों- मुख्य सचिव और गृह सचिव को देर रात उनके पद से हटा दिया।
चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव पद से नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर उनकी जगह दुष्यंत नरियाला (आइएएस- 1993 बैच) को बंगाल का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वहीं, संघमित्रा घोष (आइएएस- 1997 बैच) को राज्य के गृह व पर्वतीय मामले विभाग का नया प्रधान सचिव बनाया गया है। ये दोनों नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू होंगी।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से पदभार संभालने का निर्देश दिया है। आयोग ने अपने पत्र में कहा है कि इन निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और राज्य सरकार से उपर्युक्त अधिकारियों के ज्वाइन करने के संबंध में अनुपालन रिपोर्ट सोमवार दोपहर तीन बजे तक भेजने का निर्देश दिया है।




























