विद्यार्थियों को पुस्तकों के अलावा संस्कृति और परंपरा का ज्ञान होना जरूरी :डीईओ

कोरबा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल छात्रों को महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य एवं तामेश्वर उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी तथा राजेन्द्र पाण्डेय,पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा के विशिष्ट आतिथ्य में गायत्री शक्ति पीठ कोरबा में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देव चित्र पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर अक्षत पुष्प समर्पित करते हुए किया गया। मंचस्थ अतिथियों का स्वागत तिलक/रोली एवं मंत्र शाल भेंट कर किया गया। जिला संयोजक कैप्टन मुकेश अदलखा ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा प्रति वर्ष भारत देश के 22 राज्यों के अतिरिक्त नेपाल में भी कुल 11 भाषाओं में यह परीक्षा भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और परम्पराओं से अवगत कराने के उद्देश्य से विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर की जाती है। कोरबा जिला में प्रावीण्य सूची में सम्मिलित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।सम्मान में कक्षा 5 से 12 तक के छात्र/छात्राओं को मेडल एवं प्रावीण्य प्रमाण पत्र के साथ प्रथम स्थान वाले को 500 रू. द्वितीय स्थान वाले को 400 रू.एवं तृतीय स्थान वाले को 300 रू. की राशि तथा महाविद्यालय के छात्र/छात्राओं को प्रथम स्थान पर 1000 रू, द्वितीय स्थान पर 700 रू. तथा तृतीय स्थान पर 500 रू. की राशि भी प्रदान की गई।
श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर जिले के 24 विद्यालयों को स्मृति चिन्ह , प्राचार्यों एवं 278 सहयोगी शिक्षकों/शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तामेश्वर उपाध्याय नव कहा कि आजकल के बच्चे पाश्चात्य सभ्यता एवं संस्कृति का तीब्र गति से अंधानुकरण कर रहे हैं।स्कूल एवं कालेज के पाठ्यक्रम में बच्चों को सामान्य ज्ञान, तकनीकी ज्ञान, व्यवसायिक ज्ञान आदि दिया जाता है लेकिन अपनी संस्कृति, नैतिक मूल्यों का महत्व भारतीय संस्कृति ही सिखाती है जिसके लिए यह परीक्षा बहुत ही उपयोगी है। इस परीक्षा के पाठ्यक्रम/विषयवस्तु में शामिल वेद, पुराण, उपनिषद, दर्शन शास्त्रों के जीवनोपयोगी सूत्रों के माध्यम से बच्चों में दिव्य संस्कार स्थापित किये जा रहे हैं ताकि भावी पीढ़ी को संस्कारवान पीढ़ी के रूप में गढ़ी जा सके। मुख्य अतिथि संजू देवी राजपूत ने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर छात्र/छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये।
कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार प्रतिनिधि शिवचरण कश्यप, गायत्री शक्ति पीठ के मुख्य ट्रस्टी कमलेश मिश्रा, जिला संयोजक राजकुमार देवांगन, सह जिला संयोजक पुरूषोत्तम पटेल, कोरबा ब्लॉक संयोजक जीवेन्द्र कुमार शांडिल्य, व्ही. के. यादव, अरूण कौशिल, घनश्याम साहू तथा कोरबा जिला के सभी विकास खंड के गायत्री परिजनों का सहयोग रहा। संचालन रमाकांत साहू तथा टेकराम यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन मुकेश अदलखा ने किया।

RO No. 13467/11