
जम्मू। चैत्र नवरात्र का पावन पर्व वीरवार से शुरू हो रहा है, जिसके लिए जिले सहित शहरभर के प्रमुख देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजा दिया गया है। माता वैष्णो देवी मंदिर को भी खूबसूरती से सजाया गया है। श्रद्धालु भी नौ दिन तक माता के नौ रूपों की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। साथ ही मां के स्वागत के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर के प्रमुख बावे वाली माता मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुल जाएंगे, ताकि श्रद्धालु मां के दर्शन कर पर्व की शुरुआत व आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। मंदिर के महंत बिट्टा पुजारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और भक्ति भाव को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा रहा है। इसमें विभिन्न किस्मों के फूलों का भी इस्तेमाल किया गया है। बारिश के कारण बुधवार को सजावट का कार्य पूरी तरह संपन्न नहीं हो पाया। लेकिन सुबह चार बजे मंदिर फूलों से सजा हुआ मिलेगा।


























