
रांची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से विद्युत आपूर्ति अंचल रांची ने सरहुल और रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले जुलूस व शोभायात्राओं को लेकर आम जनता, आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सर्किल के अधीक्षण अभियंता डीएन साहु ने बताया कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के आलोक में कई गाइडलाइन जारी की गई है। जिसमें त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी, इसलिए सभी को बिजली से जुड़े सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
शोभायात्रा की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर
जुलूस/शोभायात्रा में शामिल डीजे, झांकी व अन्य ऊंचे ढांचे की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर (13 फीट) तक ही सीमित रखी जाए। झंडा खड़ा करते समय ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों का विशेष ध्यान रखें, लापरवाही से हादसा हो सकता है। बसों या बड़े वाहनों की छत पर किसी व्यक्ति के बैठने या ऊंचे ढांचे लगाने पर रोक लगाई गई है।
शोभायात्रा के दौरान स्वयंसेवक लगातार निगरानी रखें ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। आम जनता से अपील है कि सड़क किनारे पड़े बिजली तारों या उपकरणों को छूने या उनके संपर्क में आने से बचें। शोभायात्रा में बड़े व ऊंचे वाहनों के उपयोग से परहेज करने को कहा गया है। सभी आयोजन समितियों के लिए निर्धारित गाइडलाइन का पालन अनिवार्य किया गया है।



























