आस्था से जगमगाएगा सर्वमंगला धाम, 7000 ज्योति कलशों से रोशन होगा दरबार

Oplus_131072

कोरबा . चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। विशेष रूप से हसदेव नदी के तट पर स्थित सुप्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ मां सर्वमंगला मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलने वाले नवरात्र पर्व के लिए मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

मनोकामना ज्योति कलशों से रोशन होगा दरबार

मंदिर के पुजारी एवं राजपुरोहित नमन् पांडे ने बताया कि इस वर्ष भी भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। माता के दरबार में अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए श्रद्धालु दीप प्रज्वलित करवा रहे हैं। अब तक लगभग 7000 ज्योति कलश की रसीदें काटी जा चुकी हैं। इन ज्योति कलशों से मंदिर परिसर नौ दिनों तक जगमगाता रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भीषण गर्मी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने व्यापक व्यवस्था की है। दर्शन के लिए विशेष मार्ग बनाए गए हैं, जहां शेड लगाकर छाया की व्यवस्था की गई है। शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। पूजा-पाठ के लिए आवश्यक सामग्री के साथ-साथ मंदिर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विधि-विधान से होगी पूजा-अर्चना

राजपुरोहित नमन् पांडे ने जानकारी दी कि 19 मार्च को घट स्थापना के साथ ही नवरात्रि का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन मां के अलग-अलग रूपों की पूजा विधिवत की जाएगी। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मां सर्वमंगला के दर्शन के लिए जिले के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

RO No. 13467/11