
ओटावा। कनाडा में पिछले एक सप्ताह के भीतर भारतीय मूल के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। परिजनों और दोस्तों ने आशंका जताई है कि ये घटनाएं नस्लीय घृणा अपराध से जुड़ी हो सकती हैं। पहला मामला अल्बर्टा प्रांत का है, जहां 22 वर्षीय बिरिंदर सिंह की 14 मार्च को हाईवे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहे थे, तभी एक ट्रक उनके पास आया और फायरिंग की। दूसरी घटना ब्रिटिश कोलंबिया के फोर्ट सेंट जान में हुई, जहां उज्जैन के रहने वाले 25 वर्षीय छात्र गुरकिरत सिंह मनोचा की एक झड़प के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। तीसरे मामले में, 31 वर्षीय टैक्सी चालक दविंदर सिंह की गोलीबारी के दौरान हत्या कर दी गई।
इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। इन घटनाओं के बाद दक्षिण एशियाई समुदाय में डर का माहौल है और इसे बढ़ती नस्लीय हिंसा से जोडक़र देखा जा रहा है।

















