
लखनऊ, १९ मार्च ।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने म्यांमार में जातीय समूहों को आतंकी प्रशिक्षण और ड्रोन जैसे हथियारों की खेप उपलब्ध कराने वाले जिन छह यूक्रेनी और एक अमेरिकी नागरिक को पकड़ा है, वे भारत में बड़ा नेटवर्क फैलाने की तैयारी में थे। इमिग्रेशन आफ ब्यूरो की टीम ने इनमें से तीन यूक्रेनी नागरिकों को लखनऊ के एक होटल में भरे गए फार्म ‘सी’ की सहायता से पकड़ लिया। इन तीनों की गिरफ्तारी के बाद ही दिल्ली एयरपोर्ट से तीन यूक्रेनी और कोलकाता से एक अमेरिकी नागरिक को पकड़ा गया था। यूक्रेन के तीन नागरिकों हूरबा पेट्रो, इवन सुकमोनोवस्की और स्लाईवियाक तारस को ब्यूरो आफ इमिग्रेशन ने लखनऊ एयरपोर्ट से 13 मार्च को गिरफ्तार किया था। तीनों को एनआईए को सौंपा दिया गया है। लखनऊ से ये तीनों 13 मार्च को ही मलेशिया के क्वालालंपुर भागने की फिराक में थे। इनका ट्रैक रिकार्ड चेक किया तो पता चला कि वे दिसंबर 2025 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर मिजोरम के रास्ते म्यांमार गए थे। वहां से गुवाहाटी से भारत में प्रवेश किया और बस से लखनऊ पहुंचे। यहां एक होटल में जब वे रुके तो वहां उनका फार्म ‘सी’ भरवाया गया। विदेशी नागरिकों के लिए भारत आने पर होटल, गेस्ट हाउस या किसी घर पर रुकने के लिए फार्म ‘सी’ भरना अनिवार्य होता है। इमिग्रेशन की टीम लगातार होटलों में फार्म ‘सी’ भरवाने को लेकर कड़ी निगरानी करती है। इसी का नतीजा रहा कि होटल में प्रवेश करते ही उनकी जानकारी ब्यूरो आफ इमिग्रेशन तक पहुंच गई।पहले से जाल बिछाए इमिग्रेशन की टीम 13 मार्च की रात होटल पहुंची तो पता चला कि तीनों वहां से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए निकल गए हैं। एयरपोर्ट पर अलर्ट किया गया। टीम ने पहले 13 मार्च की रात 8.02 बजे यूके्रनी नागरिक हूरबा पेट्रो को पकड़ा। उससे पूछताछ हुई तो 8.10 बजे इवन सुकमोनोवस्की और 8.25 बजे स्लाईवियाक तारस को धरा गया।
तीनों से कड़ी पूछताछ हुई तो उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से तीन यूक्रेनी और कोलकाता से एक अमेरिकी नागरिक के भारत से बाहर निकलने के लिए एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी दी। इस सूचना के बाद कोलकाता से अमेरिकी और दिल्ली एयरपोर्ट से तीन यूक्रेनी नागरिकों को भी दबोचा गया।
विदेशी नागरिकों के लिए भारत आने पर होटल, गेस्ट हाउस या किसी घर पर रुकने के लिए फार्म ‘सी’ भरना अनिवार्य होता है। फारनर्स एक्ट 1946 के तहत विदेशी नागरिक की यह जानकारी 24 घंटे के भीतर फारेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन आफिस को उपलब्ध कराना होता है। इसमें विदेशी नागरिक की जानकारी, उनका पासपोर्ट और वीजा, भारत आने की तिथि और उनके ठहरने की जानकारी दी जाती है।

















