नवरात्र से पहले ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो कुट्टू आटा जब्त

ग्रेटर नोएडा, १९ मार्च ।
नवरात्र के दौरान खाद्य सुरक्षा के मानकों को लेकर जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के विभिन्न बाजारों में अभियान चलाकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। इस दौरान विभाग की टीम ने करीब 400 किलो कुट्टू के आटे को सीज किया व सात नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि उनकी टीम ने बुधवार को कुलेसरा स्थित संतोष ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां 240 किग्रा कुट्टू आटा खुला हुआ मिला, जिसका बिल वाउचर नहीं पाया गया। इस पर निर्माण तिथि का अंकन भी नहीं पाया गया।इसके अतिरिक्त 250 ग्राम के बिना निर्माण तिथि व बैच नंबर अंकन के कुट्टू आटा के 244 पैकेट पाए। इनके एक-एक नमूना लेकर शेष 238 किग्रा खुला व 240 पैकेट कुट्टू आटा सीज किया गया। कुलेसरा में ही मुस्कान ट्रेडर्स पर 70 किग्रा कुट्टू आटा खुला हुआ पाया गया, जिसका बिल बाउचर नहीं मिला। इस पर निर्माण तिथि का अंकन भी नहीं मिला। 250 ग्राम के बिना निर्माण तिथि व बैच नंबर के अंकन के कुट्टू आटा के 145 पैकेट पाए, जिनके एक-एक नमूने लेकर 70 किलो खुला व 141 पैकेट कुट्टू आटा सीज किया गया। इस तरह से करीब 400 किलोग्राम कुट्टू आटा सीज किया गया।सेक्टर 49 नोएडा स्थित श्याम डीएसबी फुलफिलमेंट साल्यूशन से एक नमूना कुट्टू आटा व एक नमूना सिंघाड़े के आटा का लिया गया। यूनिवर्सिटी रोड कासना स्थित रघुनाथ प्रसाद किराना से किसमिस का एक नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल सात नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

RO No. 13467/11