गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर की गोरक्षक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षा से जुड़े विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर की गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मथुरा के ब्रज क्षेत्र में विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग फरसा वाले बाबा के नाम से जानते थे की कथित गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंद्रशेखर बाबा को गोतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बाइक से संदिग्ध तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। बताया जा रहा है कि जब उन्होंने तस्करों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें कुचलने की नीयत से तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर मोड़ दिया। इस भीषण टक्कर में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

RO No. 13467/11