
मुंबई 07 अक्टूबर। मुंबई में एक अजीबोगरीब कार हादसे ने सभी के होश उड़ा दिए। समुद्र किनारे सडक़ पर चलते हुए एक तेज रफ्तार कार अचानक रेलिंग तोड़ते हुए बाहर निकल गई। कार समुद्र में जा गिरी। इस हादसे के बाद ड्राइवर को किसी तरह से रेस्क्यू किया गया, लेकिन कार लहरों में बह गई। यह मामला मुंबई की कोस्टल रोड पर सोमवार की रात हुआ। कार महालक्ष्मी से वर्ली की तरफ जा रही थी, तभी ड्राइवर ने कार से संतुलन खो दिया और यह भीषण हादसा देखने को मिला। महाराष्ट्र सुरक्षाबल के कर्मचारियों ने अपनी जान दांव पर लगाकर ड्राइवर को समुद्र से बाहर निकाला। कार हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस को शक है कि ड्राइवर नशे में गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने ड्राइवर के खून का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।





















