रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक गंभीर लापरवाही और हादसे की घटना सामने आई है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार देर रात रायपुर पुलिस द्वारा रोजाना की तरह नशे के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान एक बलेनो कार (क्रमांक CG 04 ML 8357) चेकिंग पॉइंट को तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भागने लगी। कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी नाम के दो युवक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ाने लगे। जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने जैसे ही कार को रोकने का प्रयास किया, चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी। इसी बीच वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू कार ने यातायात आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह से टूट गई है और फिलहाल उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस द्वारा नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तेलीबांधा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी, तभी इन दोनों युवकों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए पुलिस चेकिंग पॉइंट को तोड़ दिया।