हरियाणा के जींद में रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5 महिलाओं की जलकर मौत; 12 लोग गंभीर रूप से झुलसे

सफीदों (जींद)। शहर की गीता कॉलोनी में शनिवार दोपहर को रंग-गुलाल बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इसमें पांच महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक घायल का नागरिक अस्पताल सफीदों में इलाज चल रहा है। चार को पीजीआई रोहतक, एक को हिसार और छह को मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर किया गया है। फैक्ट्री में रंग-गुलाल में बारूद के साथ केमिकल का प्रयोग किया जाता था। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। सूचना के बाद डीसी, एसपी समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया। गीता कालोनी के रिहायशी इलाके में डेढ़ साल से अवैध फैक्टरी चल रही थी। इसमें 20 लोग काम करते थे। इनमें पांच पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं।

RO No. 13467/11