
कोरिया। प्रदेश के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों में 1 जनवरी 2026 से ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। मंत्रालय एवं संचालनालय के साथ-साथ जिला स्तर के कार्यालयों में भी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने लगे हैं। जिला कोरिया में भी आधारबेस उपस्थिति प्रणाली का प्रभाव साफ नजर आ रहा है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला प्रशासन में समय पालन को लेकर अनुशासन बढ़ा है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर त्रिपाठी स्वयं नियमित रूप से प्रात: 10 बजे से पूर्व कार्यालय पहुंचती हैं, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भी समय पर उपस्थिति दर्ज कराने की प्रवृत्ति विकसित हुई है। कार्यालय पहुंचते ही अधिकारी-कर्मचारी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कार्यालय आने व कार्यालय से जाते समय आधारबेस अटेंडेंस दर्ज कर रहे हैं।
























